Archive for July, 2006

मेरे तो गिरधर गोपाल

मेरे तो गिरधर गोपाल दूसरो न कोई
जाके सिर मोर मुकुट मेरो पति सोई
तात मात भ्रात बंधु आपनो न कोई
छांड़ी दई कुलकी कानि कहा करिहै कोई
संतन ढिग बैठि बैठि लोक लाज खोई
चुनरी के किये टूक ओढ़ लीन्ही लोई
मोती मूंगे उतार बनमाला पोई
अंसुवन जल सीचि सीचि प्रेम बेलि बोई
अब तो बेल फैल गई आंनद फल होई 

दूध की मथनियां बड़े प्रेम से बिलोई
माखन जब काढ़ि लियो छाछ पिये कोई
भगति देखि राजी हुई जगत देखि रोई
दासी मीरा लाल गिरधर तारो अब मोही 

शब्दार्थ:

कानि- इज्जत, मान, लाज, परंपरा

संतन ढिग- संतों के साथ बैठ कर ( यहा मीरां रैदास के बारे में कहना चाहती है जो जन्म से चमार थे, जूते बनाते हुए भजन गाते थे,परन्तु बहुत ही माने हुए विद्वान संत थे)

लोई- एक प्रकार का कंबल

मथनियां: एक प्रकार का पात्र जिसमें गाँवों में आज भी दही बिलो कर मक्खन निकाला जाता है।

Comments (2)

कुछ मेरी तरफ़ से

मीरां बाई किसी भी हिन्दी प्रेमी के लिये अन्जाना नाम नहीं है। राजस्थान के मेड़ता की इन महान कवियत्री, संत, गायिका ने कृष्ण की भक्ति में डूब कर जो रचनायें हमें दी है, वह अनमोल है।

मीरां बाई की रचनायें शुद्ध सरल राजस्थानी, हिन्दी और गुजराती में है। सामान्य हिन्दी जानने वाला कोई भी इन रचनाओं को आसानी से समझ सकता है।

यह मेरी तरफ़ से एक छोटा सा प्रयास है कि मीरां बाई की रचनाओं को एकत्रित कर आप के सामने एक संकलन प्रस्तुत कर रही हूँ, मेरे इस  प्रयास में आप सबके सहयोग की आवश्यकता होगी सो आप इन रचनाओं के अलावा कोई और रचना जानतें हों तो मुझे मेरे मेल पर अवश्य भेजें, यहाँ आप के नाम के साथ प्रकाशित की जायेगी। ( कोई मानदेय की व्यवस्था नहीं है)

व्याकरण कि गल्तियाँ होनी स्वाभाविक है सो आप से अनुरोध है कि उनके लिये आप बेहिचक लिखें।

धन्यवाद

निर्मला सागर

Comments (7)